CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

एसडीएम ऑफिस चांपा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, अमीन पटवारी और ऑपरेटर ₹1.80 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा (CG ई खबर ) :
भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी एसीबी के अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई हुई है। बिलासपुर एसीबी की टीम ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय चांपा के भू-अर्जन शाखा में पदस्थ अमीन पटवारी बिहारी सिंह और ऑपरेटर राजकुमार देवांगन को किसान से ₹1,80,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रायपुरा (जिला सक्ती) निवासी किसान बुधराम धीवर ने 16 अक्टूबर को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी और उसकी बहन की ग्राम कोसमंदा स्थित जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए अधिगृहित की गई थी। इसके एवज में दोनों को अगस्त 2025 में ₹35,64,099 की मुआवजा राशि संयुक्त खाते में प्राप्त हुई थी।

मुआवजा जारी होने के बाद भू-अर्जन शाखा में पदस्थ दोनों आरोपी किसान से “सहयोग” के नाम पर ₹1,80,000 की मांग करने लगे। किसान ने रिश्वत देने से इंकार करते हुए एसीबी में शिकायत की। शिकायत सत्यापित होने के बाद टीम ने ट्रैप योजना बनाई।

आज 30 अक्टूबर को जैसे ही किसान ने तय रकम आरोपी अमीन पटवारी को सौंपी, डीएसपी एसीबी अजितेश सिंह के नेतृत्व में छिपी टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरी रकम भी मौके से बरामद की गई। अचानक हुई कार्रवाई से एसडीएम कार्यालय में हड़कंप मच गया।

एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले डेढ़ साल में बिलासपुर एसीबी की 36वीं सफल रिश्वत ट्रैप कार्रवाई है। एसीबी ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads