ads 90x728

सिमकेन्दा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, दो घायल


कोरबा, 17 जून। (CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल) 
कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिमकेन्दा में रविवार दोपहर करीब 3 बजे आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना घटी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य महिलाएं झुलस गईं। यह घटना श्यांग थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिमकेन्दा की तीन महिलाएं—जो आपस में एक ही परिवार की हैं—खेत में खाद डालने और साफ-सफाई करने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया। जब वे घर लौटने की तैयारी कर ही रही थीं, तभी अचानक खेत में आकाशीय बिजली गिरी, जिससे तीनों महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं।

इस हादसे में मदनमती राठिया (उम्र 36 वर्ष), पति उत्तम राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। वह सिमकेन्दा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में सहायिका के पद पर कार्यरत थीं। मदनमती के असमय निधन से उसके चार छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घायल महिलाओं में फिरोबाई राठिया (उम्र 38 वर्ष) और एक अन्य महिला शामिल हैं। फिरोबाई को गंभीर अवस्था में धरमजयगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। तीसरी महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।

इस दुःखद घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिजनों में गहरा दुःख और चिंता व्याप्त है। प्रशासन से मृतका के परिजनों को शीघ्र सहायता और मुआवजा दिए जाने की मांग की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads