बगदेवा के पास दर्दनाक सड़क दुर्घटना, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर) बिलासपुर से कटघोरा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 130 पर एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहन की लापरवाही जानलेवा साबित हुई। पाली थाना क्षेत्र के बगदेवा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।
तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे ग्रामीण को कुचला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगदेवा के समीप नेशनल हाईवे 130 पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान ग्राम करतली निवासी के रूप में हुई है।
मौत के बाद फूटा जनआक्रोश, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और नेशनल हाईवे 130 पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर लगभग 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जाम की वजह से यात्री बसों में सवार यात्रियों सहित राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस–प्रशासन मौके पर, समझाइश का दौर जारी
सूचना मिलने पर पाली पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
तत्काल सहायता और मुआवजे की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने
- मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता,
- वाहन मालिक से मुआवजा,
- और हाईवे पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त नियंत्रण
की मांग की है।
लगातार हादसों से उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल
नेशनल हाईवे 130 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो ऐसे हादसे भविष्य में और भी भयावह रूप ले सकते हैं।

