(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ बड़े आंदोलन की घोषणा की है। आकांक्षा अंबिकापुर से बिलासपुर तक लगभग 220 किलोमीटर लंबी रैली निकालने की तैयारी में हैं, जिसके माध्यम से वह छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर करने जाएंगी।
आकांक्षा टोप्पो का कहना है कि प्रदेश में धान खरीदी में कथित घोटाले और किसानों को केसीसी (KCC) ऋण जारी करने में अनियमितताओं को लेकर वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण से जुड़े मुद्दों को भी अपनी याचिका में शामिल करने की बात कही है।
इस आंदोलन को लेकर आकांक्षा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने रैली की रूपरेखा और याचिका से संबंधित पूरी योजना साझा की। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उन्हें युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है और यह आंदोलन पूरी तरह जनहित से जुड़ा हुआ है।
आकांक्षा टोप्पो ने वीडियो में अपनी गिरफ्तारी की आशंका भी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें गिरफ्तार किया जाता है, तब भी रैली और आंदोलन जारी रहेगा और वे अपने उद्देश्य से पीछे नहीं हटेंगी।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो अपने बयानों और गतिविधियों को लेकर पहले भी विवादों में रही हैं। हाल ही में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उनके विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। अब उनकी प्रस्तावित रैली और हाई कोर्ट याचिका को लेकर राजनीतिक व सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

