ads 90x728

सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने ली जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक


सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश व यातायात सुगम बनाने के दिए सख्त निर्देश

रेडियम पट्टी, संकेतक व साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश

सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत

कोरबा, 21 जनवरी 2026।
लोकसभा क्षेत्र कोरबा की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाजन्य स्थलों पर गति अवरोधक, रेडियम पट्टी, संकेतक एवं साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट, तीन सवारी तथा बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए।

सांसद ने युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु स्कूल एवं कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में उपस्थित कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, अब तक किए गए सुधारात्मक कार्यों एवं जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में ब्रेकर, स्पष्ट साइनेज, रेडियम पट्टियाँ लगाने के साथ-साथ पेड़ों एवं झाड़ियों की छटाई कर दृष्टि बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी दी कि जिले में ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा मोडिफाइड साइलेंसर उपयोग करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। अब तक कई लापरवाह चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं एवं सैकड़ों मामलों में चालानी कार्रवाई की गई है, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी आई है।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर भारी एवं हल्के वाहन चालकों का दृष्टि परीक्षण कराया जाएगा।

बैठक में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। आमजन एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु स्कूल एवं कॉलेजों में प्रत्येक सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड के सदस्य शामिल होकर रंगोली, नुक्कड़ नाटक, क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देंगे।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, जिला परिवहन अधिकारी श्री विवेक सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads