रायपुर (CG ई खबर) : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आए दिन हो रहे भीषण सड़क हादसे और हिट एंड रन की घटनाएं शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर से एक और सनसनीखेज हिट एंड रन का मामला सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
घटना रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रसेन धाम के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार में सवार युवक-युवतियां मौके से फरार हो गए।
भाजपा विधायक का बेटा हिरासत में
हिट एंड रन की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने भरतपुर–सोनहत विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस टीम घटनास्थल से फरार हुए अन्य युवक-युवतियों की तलाश में भी जुटी हुई है। वहीं घायल बाइक सवार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

