ads 90x728

खबर से मची अफरा-तफरी… पुलिस ने संभाली कमान, कोर्ट रूम से बाहर निकाले गए वकील और फरियादी


(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता: नारायण चंद्राकर)

दुर्ग। छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मचा हुआ है। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव के बाद अब दुर्ग जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।

जानकारी के अनुसार यह धमकी दुर्ग जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। जैसे ही ई-मेल की जानकारी न्यायिक अधिकारियों को मिली, तत्काल पुलिस और जिला प्रशासन को सूचित किया गया। एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया।

कोर्ट परिसर कराया गया खाली

धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों, फरियादियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को बाहर निकाल दिया गया। कोर्ट परिसर में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से न्यायालय परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड तैनात

अधिवक्ता रवि शंकर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था। इसके बाद न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने न्यायालय भवन, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग क्षेत्र, वकीलों के चैंबर और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी ली। शुरुआती जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

जांच जारी, साइबर टीम जुटी

दुर्ग डीएसपी अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह अफवाह या शरारत भरा ई-मेल हो सकता है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

डीएसपी ने यह भी बताया कि जिला न्यायालय में पहले से ही सप्ताह में एक बार नियमित सुरक्षा जांच की जाती है, और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads