ads 90x728

रील विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पत्नी ने पति की जीभ काटी


सोशल मीडिया की सनक बनी खूनी झगड़े की वजह, इलाके में फैली सनसनी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से सोशल मीडिया रील के बढ़ते क्रेज से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला और भयावह मामला सामने आया है। मोदीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संजयपुरी कॉलोनी में रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जहां गुस्से में आकर पत्नी ने पति की जीभ काट दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईशा नाम की महिला अपने पति विपिन और सास गीता देवी के साथ रहती थी। बीते कुछ समय से ईशा सोशल मीडिया पर रील बनाने में अत्यधिक व्यस्त रहने लगी थी, जिस कारण घर के कामकाज और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। पति विपिन द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी आम बात हो गई थी।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन रील बनाने में व्यस्त रहने के कारण ईशा ने रात का खाना नहीं बनाया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में विपिन ने ईशा को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बाहर से खाना मंगवाया गया और मामला शांत होता प्रतीत हुआ। दोनों बाद में अपने कमरे में सोने चले गए।

लेकिन रात करीब एक बजे अचानक घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर जब सास गीता देवी कमरे में पहुंचीं तो देखा कि विपिन की जीभ कटी हुई है और वह खून से लथपथ हालत में पड़ा है। आरोप है कि पत्नी ईशा ने ही इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद ईशा छत पर जाकर खुद को बंद कर लिया और अपने मायके पक्ष को सूचना दी। मायके वालों के पहुंचने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। घायल विपिन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सोशल मीडिया की बढ़ती सनक और पारिवारिक तनाव के इस मामले ने एक बार फिर रिश्तों पर इसके गंभीर प्रभाव को उजागर कर दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads