(CG ई खबर |कोरबा जिला सोशल संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर जोन से सटे क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर हथियार लहराने का मामला सामने आने पर अचानकमार प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही वन विभाग ने पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो एयर राइफल एवं एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत वैष्णव (26 वर्ष), अनिकेत (27 वर्ष) और विक्रांत वैष्णव (36 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वन विभाग द्वारा आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अचानकमार प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित क्षेत्र में अवैध प्रवेश, हथियार प्रदर्शन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

