CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

स्मार्ट मीटर बना मुसीबत: दिव्यांग महिला को आया 27 हजार का बिजली बिल, 12 KM दूर से कलेक्ट्रेट पहुंची


बेमेतरा | Smart Meter Bijli Bill

स्मार्ट मीटर के बाद 27 हजार का बिजली बिल, दिव्यांग महिला की पीड़ा सुनने कलेक्ट्रेट पहुंची

बेमेतरा जिले में बिजली के नए स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला कारेसरा गांव से सामने आया है, जहां एक दिव्यांग महिला को 27 हजार रुपए का बिजली बिल थमा दिया गया।

कारेसरा गांव निवासी दिव्यांग महिला रूखमणि यादव ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से पहले उनका बिजली बिल आमतौर पर 700 से 800 रुपए आता था, कभी-कभी यह 1000 से 1500 रुपए तक पहुंच जाता था। लेकिन नया स्मार्ट मीटर लगने के बाद उन्हें अचानक 27,000 रुपए का बिजली बिल मिला, जिससे वे पूरी तरह टूट गईं।

रूखमणि यादव का कहना है कि उनके घर में केवल दो से तीन 9 वॉट और 12 वॉट के चाइना बल्ब तथा एक पंखा ही उपयोग में है। इसके बावजूद इतना अधिक बिल आना समझ से परे है।

12 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्ट्रेट पहुंचीं

ठंड के मौसम में इतना बड़ा बिजली बिल उनके लिए और भी चिंताजनक हो गया। मजबूर होकर दिव्यांग रूखमणि यादव ने दूसरों की मदद लेकर मोटरसाइकिल से करीब 12 किलोमीटर का सफर तय किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने बिजली बिल में सुधार करने और राहत देने की गुहार लगाई।

रूखमणि यादव ने कहा कि तमाम शारीरिक परेशानी और आर्थिक संकट के बावजूद वे अपने अधिकारों की सुनवाई के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्मार्ट मीटर से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।

इस घटना ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम लोगों की बढ़ती परेशानियों को उजागर किया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads