ads 90x728

जादू-टोना से पैसा कई गुना करने का झांसा, लाखों की ठगी दो आरोपी गिरफ्तार


(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

बलौदाबाजार । जिले के पलारी थाना क्षेत्र में जादू-टोना और मंत्रों के जरिए पैसा कई गुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम बलौदी और ग्राम रामपुर के दो ग्रामीणों से कुल 5 लाख रुपये की ठगी की थी। पैसे वापस मांगने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले प्रकरण में ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव (57 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2022 में आरोपी पिता–पुत्र उनके घर आए और जादू-मंत्र से पैसा कई गुना करने का झांसा दिया। 18 अक्टूबर 2022 को उनसे 3 लाख रुपये नकद ले लिए गए, लेकिन बाद में न तो रकम बढ़ाई गई और न ही पैसे लौटाए गए। इस मामले में थाना पलारी में धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।

दूसरे प्रकरण में ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2022 में आरोपियों ने उनके घर आकर 2 नवंबर 2022 को 2 लाख रुपये नकद लेकर पैसा बढ़ाने का झांसा दिया। जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने धारा 420, 506, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया।

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी पलारी को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। निर्देशों के पालन में पुलिस टीम ने संयुक्त जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जादू-टोना, तंत्र-मंत्र या धन बढ़ाने जैसे किसी भी प्रलोभन से सतर्क रहें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads