ads 90x728

रेलवे ट्रैक निर्माण सामग्री गबन मामला: कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आंतरिक संलिप्तता उजागर, दो आरोपी गिरफ्तार


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर: सरस्वती मरकाम)

रेलवे ट्रैक निर्माण सामग्री गबन मामला

कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आंतरिक संलिप्तता उजागर

दो आरोपी गिरफ्तार, प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

छत्तीसगढ़ कोरबा : कोरबागेवरा रोड से पेंड्रा रोड के मध्य निर्माणाधीन नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन परियोजना में उपयोग होने वाली निर्माण सामग्री के गबन के गंभीर मामले में कोरबा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में यह स्पष्ट हुआ है कि मामला किसी बाहरी गिरोह या लूट का नहीं, बल्कि संस्था के भीतर कार्यरत लोगों द्वारा किए गए आंतरिक गबन से जुड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी द्वारा थाना कटघोरा में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में रेलवे साइड सिंघिया एवं सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर व अन्य रेलवे निर्माण सामग्री के गायब होने की जानकारी दी गई थी।

शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत द्वारा मामले की गहन जांच कराई गई।


जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि यह घटना किसी प्रकार की हथियारबंद लूट या बाहरी डकैती नहीं है, बल्कि कंपनी के भीतर कार्यरत कुछ कर्मचारियों द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर सुनियोजित तरीके से की गई गबन की वारदात है।

जांच के आधार पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत धारा 316(5), 317(2), 317(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच में सामने आए अहम तथ्य

पुलिस जांच में यह भी उजागर हुआ कि

  • तेजबहादुर पटेल (जेसीबी ऑपरेटर) ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बीते कई महीनों से रेलवे निर्माण सामग्री को अवैध रूप से हटाने और गबन करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
  • मामले में एक अन्य आरोपी की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
  • गबन की गई सामग्री की बरामदगी एवं पूरे नेटवर्क की जांच पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी एवं सार्वजनिक परियोजनाओं में भ्रष्टाचार, गबन और बदमाशी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads