(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
छत्तीसगढ़/कोरबा : कोरबा जिले के SECL गेवरा ओपन कास्ट परियोजना में कथित कोयला चोरी के गंभीर आरोपों ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस (शहर एवं ग्रामीण) ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर PNC इंफ्राटेक कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज करने, उच्चस्तरीय जांच कराने और ठेका निरस्त करने की मांग की है।
युवा कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि गेवरा ओपन कास्ट परियोजना के भटेरा फेस में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की घटना सामने आई है। आरोप है कि खदान के भीतर से लोडर के जरिए कोयला निकालकर खुले मैदान में डंप किया गया, जिसके लिए बाकायदा रास्ता भी तैयार किया गया था। इसके बाद उक्त कोयले को ट्रैक्टरों के माध्यम से अज्ञात लोगों द्वारा बाहर ले जाया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान मौके पर PNC इंफ्राटेक कंपनी के कर्मचारी एवं CISF के जवानों की मौजूदगी रही, जिससे पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका और गहराती नजर आ रही है। संगठन ने इसे एक संगठित अवैध गतिविधि बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
📌 प्रमुख मांगें:
▪️ PNC इंफ्राटेक कंपनी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए
▪️ कोयला चोरी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए
▪️ शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, CISF जवानों व अन्य व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई हो
▪️ कंपनी का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए
▪️ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहर एवं ग्रामीण) ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य महाप्रबंधक (CGM) गेवरा एरिया, पुलिस अधीक्षक (SP) कोरबा एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कोरबा को भी भेजी गई है।
📝 CG ई खबर | आपकी आवाज, आपकी खबरें 24x7

