(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
सक्ती। के सिंघीतराई स्थित पावर प्लांट में मंगलवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। अचानक हुए तेज धमाके के साथ बॉयलर फटने से पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंज उठी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद प्लांट के भीतर धुआं और आग तेजी से फैल गई, जिससे हालात और भी भयावह हो गए। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
हादसे में 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, जबकि 3 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि अनौपचारिक रूप से सामने आ रही है। कुछ रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 7 से 10 तक बताई जा रही है, हालांकि प्रशासन द्वारा अभी तक आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया। प्लांट प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने और आग पर काबू पाने में जुट गईं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका बॉयलर में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव को लेकर जताई जा रही है।
CG ई खबर लगातार इस घटना पर नजर बनाए हुए है, जैसे ही आधिकारिक पुष्टि या नई जानकारी सामने आएगी, आपको अपडेट किया जाएगा।

