Breaking-News

रायपुर: ठगी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरे दीपक-बरखा टंडन को 28 नवंबर तक जेल, बलेनो और XUV 700 जब्त


न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों को बदनाम कर वसूली करने का आरोप, पुलिस ने होटल ‘वेलकम’ और स्पा सेंटर की तलाशी में डायरी, दस्तावेज व अन्य सामग्री की थी जब्त

रायपुर। ठगी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में घिरे दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बलेनो कार और XUV 700 सहित दो गाड़ियां जब्त की हैं।

पुलिस रिमांड खत्म, 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत

जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान दोनों से लगातार पूछताछ की गई और मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने जांच के आधार पर दोनों आरोपियों की बलेनो कार और XUV 700 को भी जब्त किया है।

बुधवार को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की ओर से रिमांड अवधि बढ़ाने के लिए कोई आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद अदालत ने दोनों को 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने और ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे वसूलने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरों और भ्रामक खबरों को प्रसारित करने की धमकी देकर संबंधित लोगों पर रुपये देने का दबाव बनाया जाता था।

इस मामले में बिलासपुर के तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है।

होटल ‘वेलकम’ पहुंची थी पुलिस, स्पा सेंटर की भी तलाशी

पुलिस रिमांड मिलने के बाद रविवार रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर उसके होटल ‘वेलकम’ पहुंची थी। यहां पुलिस ने होटल के अलग-अलग कमरों के साथ अंदर संचालित स्पा सेंटर की भी जांच की।

इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस इन सामग्रियों की जांच कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

होटल के स्पा सेंटर का वीडियो आया सामने

इस बीच होटल के अंदर संचालित स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन दिखाई देने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि होटल में कई लोगों के ठहरने की व्यवस्था की जाती थी। साथ ही आरोप लगाए जा रहे हैं कि यहां लोगों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए जाते थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जमीन और गाड़ियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले

होटल में की गई तलाशी के संबंध में एसीपी रमाकांत साहू ने बताया था कि पुलिस ने होटल वेलकम की पूरी तलाशी ली है। इस दौरान जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज, डायरी और गाड़ियों के कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।

फिलहाल दीपक टंडन और बरखा टंडन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस जब्त वाहनों, मोबाइल फोन, दस्तावेजों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के साथ मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है। जांच के बाद इस प्रकरण में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook X Telegram