40-50 वर्षों से शासकीय भूमि पर मकान बनाकर रह रहे जरूरतमंद परिवारों ने उठाए सवाल, सर्वे में अनियमितता का आरोप लगाते हुए नए सिरे से पारदर्शी जांच और सर्वे कराने की मांग
कोरबा। सरकारी पट्टा मिलने की उम्मीद में वर्षों से इंतजार कर रहे गरीब परिवारों को नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 1 में जारी सर्वे सूची ने निराश कर दिया है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि पिछले 40 से 50 वर्षों से शासकीय भूमि पर मकान बनाकर निवास कर रहे कई जरूरतमंद परिवारों के नाम पात्रता सूची से गायब हैं, जबकि नौकरीपेशा लोगों और जनप्रतिनिधियों को सूची में शामिल कर लिया गया है। कथित अनियमितताओं से नाराज बड़ी संख्या में वार्डवासी सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए नए सिरे से निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की।
27 नवंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
दरअसल, नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में शासकीय पट्टा प्रदान करने के लिए पात्र हितग्राहियों का सर्वे कराया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 1 में नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सूची तैयार की गई है। प्रशासन की ओर से इस सूची पर 27 नवंबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। लेकिन सूची सार्वजनिक होते ही वार्ड में असंतोष का माहौल बन गया और प्रभावित परिवारों ने सर्वे प्रक्रिया पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
घर-घर सर्वे के बजाय जनप्रतिनिधि के घर बैठकर सूची बनाने का आरोप
वार्डवासियों का आरोप है कि सर्वे की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं अपनाई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर-घर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के बजाय एक जनप्रतिनिधि के घर बैठकर पात्रता सूची तैयार कर दी। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष तरीके से सर्वे किया जाता तो वर्षों से निवासरत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के नाम सूची से बाहर नहीं होते।
चार-पांच दशक से रह रहे परिवारों को पट्टे की दरकार
प्रभावित रहवासियों का कहना है कि कई परिवार पिछले चार से पांच दशकों से वार्ड में निवास कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके पास जमीन का मालिकाना हक नहीं है और वे लंबे समय से सरकारी पट्टा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसके बावजूद ऐसे परिवारों को पात्रता सूची में जगह नहीं मिली। वहीं, नौकरीपेशा और जनप्रतिनिधियों को पात्र दिखाए जाने के आरोप ने सर्वे की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जनप्रतिनिधियों और शासकीय सेवकों के कब्जे की जांच की मांग
वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ जनप्रतिनिधियों और शासकीय सेवकों ने शासकीय भूमि पर कब्जा कर पक्के मकान बना लिए हैं और अब पट्टा सर्वे में भी उन्हें पात्रता का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित व्यक्तियों की पात्रता, शासकीय भूमि पर कब्जे की स्थिति और सर्वे में उनके नाम शामिल किए जाने के आधार की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि नियमों के विपरीत लाभ लेने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और दोबारा सर्वे कराने की मांग
कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे वार्डवासियों ने पूरे मामले की जांच कराने, सर्वे करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल करने और वास्तविक पात्र हितग्राहियों को सूची में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षों से निवासरत गरीब परिवारों को उनके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन प्राप्त दावा-आपत्तियों पर क्या कदम उठाता है और वार्ड क्रमांक 1 में दोबारा पारदर्शी सर्वे कराने का निर्णय लेता है या नहीं।
