दिल्ली, 23 अगस्त 2025/ (CG ई खबर) : चीन की शॉर्ट वीडियो ऐप TikTok ने पांच साल बाद एक बार फिर भारत में वापसी की आहट से सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कई यूजर्स ने दावा किया है कि वे TikTok की आधिकारिक वेबसाइट (TikTok Website) को एक्सेस कर पा रहे हैं। हालांकि, फिलहाल ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है।
दिलचस्प बात यह है कि वेबसाइट एक्सेस करने वाले सभी यूजर्स का अनुभव एक जैसा नहीं रहा। कुछ लोग इसका होमपेज खोल पाने में सफल हुए, लेकिन अन्य पेज अभी भी एक्सेस नहीं हो रहे। वहीं कई यूजर्स ने X (पूर्व में Twitter) पर पोस्ट कर बताया कि वेबसाइट उनके लिए अब भी ब्लॉक है।
वापसी को लेकर संशय बरकरार
वेबसाइट का लाइव होना वापसी की अटकलों को और तेज कर रहा है, लेकिन कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह महज टेक्निकल अपडेट भी हो सकता है। ऐसे में यूजर्स को अभी कुछ समय और इंतजार करना होगा कि क्या TikTok वाकई भारत में वापसी कर पाएगा।
2020 में क्यों हुआ था TikTok बैन?
बता दें कि जून 2020 में भारत सरकार ने TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इसमें Shareit और CamScanner जैसे लोकप्रिय ऐप भी शामिल थे। उस समय सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और नागरिकों के डाटा प्राइवेसी को खतरे का हवाला देते हुए इन ऐप्स को बैन किया था।
फिलहाल TikTok के भारत में वापसी को लेकर यूजर्स उत्सुक हैं, लेकिन तस्वीर साफ होने के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।