(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)
GOOGLE EARTH PRO से होगा ग्रामों का सटीक भू-मानचित्रण
कोरबा। आगामी जनगणना 2027 की तैयारी को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामों की भौगोलिक सीमा एवं स्थिति के सटीक भू-संदर्भण (Geo-referencing) के उद्देश्य से आज कलेक्टर सभा कक्ष, कोरबा में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दोपहर 01:00 बजे आयोजित हुआ, जिसमें जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जिला कोरबा के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी श्री बैद्यनाथ कुमार ने GOOGLE EARTH PRO के उपयोग संबंधी विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की।
नोडल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल मोड में संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रथम चरण का कार्य अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डिजिटल जनगणना को सफल बनाने के लिए ग्रामों का सटीक भू-मानचित्रण अत्यंत आवश्यक है, जिसमें GOOGLE EARTH PRO एक महत्वपूर्ण तकनीकी माध्यम के रूप में उपयोग किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर एवं जनगणना नोडल अधिकारी श्री तुलाराम भारद्वाज, सहायक नोडल अधिकारी श्री एम. एस. कंवर, सीएमओ, तहसीलदार, जोन अधिकारी एवं तकनीकी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रायोगिक अभ्यास के साथ सभी आवश्यक तकनीकी जानकारियां प्रदान की गईं, जिससे आगामी जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी, सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सके।
CG ई खबर
आपकी आवाज़, आपकी ख़बरें 24x7

