ads 90x728

शासकीय कार्य में अवरोध का आरोप, सरपंच ने कलेक्टर से लेकर थाना प्रभारी तक की शिकायत


कोरबा–पाली | (CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल) 
कोरबा जिले के जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत मादन में शासकीय निर्माण कार्य के दौरान लगातार अवरोध उत्पन्न किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सरपंच श्रीमती सविता पैकरा ने जनपद सदस्य, पंच, किसान मित्र एवं एक ग्रामीण पर मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन से लेकर एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं पाली थाना प्रभारी तक लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में सरपंच श्रीमती सविता पैकरा, उप सरपंच श्रीमती कावेरी पटेल एवं पंचों ने उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत मादन में शासन से स्वीकृत शासकीय निर्माण कार्य को जानबूझकर बार-बार बाधित किया जा रहा है। आरोप है कि अंशुल सिंह कंवर (जनपद सदस्य), ईतवार यादव (पंच), छत्रपाल सिंह पैकरा (किसान मित्र) एवं गणेश टांडिया (ग्रामीण) द्वारा कार्यस्थल पर दबाव बनाकर डराया-धमकाया जाता है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों को मानसिक तनाव एवं आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि शासकीय मद से स्वीकृत राशि में कमीशन की मांग की जाती है। उल्लेखनीय है कि आरोपित ईतवार यादव पूर्व में जेल भी जा चुका है। सरपंच ने यह भी बताया कि निरंतर दबाव और प्रताड़ना के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।

महिला जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि उन्हें या उप सरपंच को किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक क्षति होती है, तो इसके लिए उपरोक्त सभी व्यक्ति पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।

सरपंच व पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अंशुल सिंह कंवर, ईतवार यादव, छत्रपाल सिंह पैकरा एवं गणेश टांडिया के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि शासकीय कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके और पंचायत प्रतिनिधियों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads