डॉग स्क्वाड की मदद से कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां नंदकुमार पटेल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका रक्तरंजित शव जयशंकर के घर की बाड़ी के पास आंगन में पड़ा मिला। मृतक के चेहरे और सिर पर गहरे जख्म थे, जो हमले की क्रूरता को दर्शा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच को गंभीरता से लेते हुए डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम और कोरबा साइबर सेल की विशेष इकाई को बुलाया गया। डॉग स्क्वाड का खोजी कुत्ता बाघा घटनास्थल पर पहुंचा, जहां मृतक का लोवर और जूता पड़ा मिला।
बाघा ने मृतक का जूता मुंह में दबाया और करीब 200 मीटर तक दौड़ते हुए सीधे एक घर में जा घुसा। यह घर आरोपी जयशंकर का बताया गया। इस दौरान बाघा की कार्यशैली देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पुलिस पहले से ही संदेह के आधार पर जयशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। डॉग स्क्वाड द्वारा उसके घर तक पहुंचने से पुलिस का शक यकीन में बदल गया। जब जयशंकर को लोगों के सामने लाया गया तो बाघा सीधे उसके पास पहुंच गया, जिससे हत्या की पुष्टि हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जयशंकर और मृतक नंदकुमार पटेल पड़ोसी थे। नंदकुमार का आरोपी के घर आना-जाना था। रविवार रात भी वह जयशंकर के घर गया हुआ था, जहां उसकी पत्नी के साथ मस्ती-मजाक कर रहा था। इसी दौरान जयशंकर ने उसे रंगे हाथों देख लिया। इससे विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर जयशंकर ने बाड़ी में पड़ा डंडा उठाकर नंदकुमार के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक नंदकुमार पटेल शादीशुदा था और उसके बच्चे हैं। वहीं आरोपी जयशंकर भी विवाहित है। पुलिस ने हत्या की वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

