(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। हालात ऐसे हैं कि रात होते ही शातिर चोर घरों के अंदर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बना रहे हैं और उनके महंगे पार्ट्स चोरी कर फरार हो जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।
ताजा मामला एचटीपीएस आवासीय परिसर के अलखनंदा विहार का है, जहां मकान क्रमांक एफ-9 में निवासरत पत्रकार अजय राय के घर को चोरों ने निशाना बनाया। 06 जनवरी की रात लगभग 1 बजे आंगन में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल से चोर नंबर प्लेट, हेडलाइट, हॉर्न सहित कई महंगे पार्ट्स चोरी कर ले गए।
घटना के बाद पास स्थित एक ऑटो पार्ट्स दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर तीन संदिग्ध युवक चोरी के दौरान कैमरे में कैद हुए हैं। इस संबंध में पत्रकार अजय राय द्वारा दर्री थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवासीय परिसर के साथ-साथ विद्युत संयंत्र क्षेत्र के भीतर भी चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं। इसके बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई या नियमित पेट्रोलिंग नजर नहीं आ रही है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।


