( CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान )
कोरबा, 9 जनवरी 2026 :
कोरबा जिले के बालको वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गड़कटरा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साल और बीजा प्रजाति की भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की है। जब्त की गई लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य दो लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश पर की गई। एसडीओ आशीष खेलवार के नेतृत्व में गठित संयुक्त वन टीम ने सर्च वारंट के आधार पर तीन ग्रामीणों के घरों पर छापेमारी की। इस दौरान घरों में छिपाकर रखे गए अवैध चिरान और लट्ठे बरामद किए गए।
वन विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों से कुल 161 नग चिरान एवं लट्ठे जब्त किए हैं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 3.37 घन मीटर आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा जंगल से पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ी का चिरान बनाकर उसे घरों में छिपाकर रखा गया था।
वन विभाग ने मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में बालको, पसरखेत, पसरखेत, लेमरू एवं कोरबा वन परिक्षेत्र के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

