(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)
कोरबा, 07 जनवरी 2026। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरबुंदिया में एक 48 वर्षीय ईंट भट्ठा मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुखी राम केवट के रूप में हुई है। उनके कमरे से जहरीले पदार्थ जैसी सामग्री मिलने के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम मुखी राम केवट रोज की तरह ईंट भट्ठे से काम कर लौटे और अपने कमरे में आराम करने चले गए। परिजनों को लगा कि वह शराब के नशे में सो रहे हैं, इसलिए उन्हें परेशान नहीं किया गया।
रात में जब उनकी पत्नी खाना बनाने के बाद उन्हें उठाने कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने खाट के नीचे एक शीशी पड़ी देखी। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब मुखी राम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जहर सेवन की आशंका
पुलिस जांच के दौरान मृतक के कमरे से एक प्लास्टिक थैली में ‘सुहागा नमक’ नामक पदार्थ बरामद किया गया है। इसी आधार पर जहर सेवन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और पुलिस कार्रवाई
मुखी राम केवट गांव के ही एक ईंट भट्ठे में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पुत्र राहुल केवट ने बताया कि वह स्वयं टेंट हाउस में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दुखद घटना से पूरे सरबुंदिया गांव में शोक की लहर व्याप्त है।


