ब्रेकिंग न्यूज़ : 2 साल के लापता बालक की गोबर गैस चेंबर में मिली लाश

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर: सरस्वती मरकाम)

छत्तीसगढ़ | कोरबा। सोमवार दोपहर से लापता हुए 2 वर्षीय बालक का शव मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दर्री थाना अंतर्गत ग्राम बरेड़ीमुड़ा निवासी लक्ष्मी नारायण कंवर एवं उनकी पत्नी तमिलनाडु में रोज़ी-मजदूरी के लिए गए हुए हैं। उनका करीब 2 साल का पुत्र गांव में दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रह रहा था। रविवार को सामान्य दिनचर्या के बीच दोपहर लगभग 2 बजे के बाद बच्चा अचानक नजर नहीं आया। दादा के नहाकर लौटने पर बच्चे को आवाज दी गई, लेकिन वह नहीं मिला।

परिजनों ने घर-आंगन, आसपास और मोहल्ले में तलाश की, ग्रामीणों से पूछताछ की, पर कोई सुराग नहीं मिला। अंततः दर्री थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। पूरी रात परिजन खोजबीन में लगे रहे।

मंगलवार सुबह आशंका के आधार पर जब परिजन घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर के पास पहुंचे और झांककर देखा, तो भीतर बच्चा दिखाई दिया। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन संकरे चेंबर में गिरकर फंसने से उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम को गोद में लेकर दादा बिलख पड़ा, बुआ रोती रही—घर में मातम पसर गया।

घटना की सूचना बच्चे के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा के लिए रवाना हो रहे हैं। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। दर्री पुलिस मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

3/related/default