सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए ‘विशेष लोक अदालत 2026’ का आयोजन

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा/नई दिल्ली। द्वारा आमजन को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत 2026)” का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से लंबित मामलों के निपटारे को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विशेष अभियान 21 अप्रैल से प्रारंभ हो चुका है, जबकि इसका समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा। इन तिथियों पर सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा।

इस दौरान सुलह एवं मध्यस्थता की प्रक्रिया देशभर के राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालयों के विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से संचालित की जा रही है। पक्षकार सशरीर या वर्चुअल माध्यम से इन सुलह बैठकों में भाग ले सकते हैं, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी सहयोग प्रदान करेंगे।


इस समाधान समारोह का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है। इसके लिए अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं संबंधित पक्षों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए इच्छुक पक्षकारों को सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा, जिसकी अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित की गई है।

अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए समाधान समारोह के तहत स्थापित वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) के संपर्क नंबर 011-23115652, 011-23116464 एवं 011-23116465 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही, सर्वोच्च न्यायालय के अतिरिक्त भवन (बी ब्लॉक, कक्ष संख्या 806 एवं 808) में स्थित केंद्र से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर सहायता के लिए के लैंडलाइन नंबर 07759-299134 पर संपर्क किया जा सकता है।

— कार्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा (छत्तीसगढ़)

3/related/default