ads 90x728

जनगणना-2027 का शुभारंभ: कोरबा में शुरू हुआ पूरी तरह डिजिटल सर्वे, घर-घर पहुंचे प्रगणक


कोरबा, 01 मई 2026।
जिले में जनगणना-2027 के तहत डिजिटल सर्वे कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देशन में जिले के सभी चार्ज क्षेत्रों में प्रगणक और सुपरवाइजर फील्ड में उतरकर हाउस-लिस्टिंग ब्लॉकों की पहचान करते हुए घर-घर सर्वेक्षण कर रहे हैं।

इस व्यापक अभियान में जिले के 6 नगरीय निकाय शामिल हैं, जिनमें नगर पालिक निगम कोरबा के 7 जोन, नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा, बांकीमोंगरा और नगर पंचायत पाली व छुरीकला शामिल हैं। इसके साथ ही जिले की 12 तहसीलों—कोरबा, भैसमा, बरपाली, करतला, कटघोरा, दर्री, पोड़ी-उपरोड़ा, पसान, पाली, हरदीबाजार, दीपका और अजगरबहार—में भी जनगणना कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुका है।

जनगणना के दौरान प्रगणकों द्वारा 33 बिंदुओं पर आधारित विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है। इसमें भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, बिजली-पानी की उपलब्धता, इंटरनेट, मोबाइल, टीवी, वाहन जैसी सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल हैं।

जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मोहन सिंह कंवर के अनुसार, राज्य नोडल अधिकारी बैद्यनाथ ने कोरबा नगर निगम के कोसाबाड़ी जोन, टी.पी. नगर जोन और तहसील अजगरबहार का मैदानी निरीक्षण कर सर्वे कार्य का जायजा लिया और प्रगणकों से संवाद किया।


उन्होंने बताया कि यह देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना है। प्रगणक घर-घर जाकर एचएलबी ऐप के माध्यम से डेटा दर्ज कर रहे हैं, जो स्वतः सुपरवाइजर आईडी में सिंक होकर सत्यापन के बाद मुख्य सर्वर तक पहुंचता है। इस डिजिटल प्रक्रिया से डेटा प्रोसेसिंग तेज होगी और शासन को योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े समय पर मिल सकेंगे।

जिले में जनगणना कार्य की निगरानी अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव द्वारा की जा रही है। उन्होंने सभी 24 चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कोरबा जिले में कुल 2073 हाउस-लिस्टिंग ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं। वहीं, स्व-गणना के तहत अब तक 10,669 परिवारों ने स्वयं अपना विवरण दर्ज किया है, जो जनभागीदारी का सकारात्मक संकेत है।

👉 जिले में डिजिटल जनगणना का यह महत्त्वपूर्ण कार्य पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और सुव्यवस्थित ढंग से शुरू किया गया है, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं को मजबूत आधार मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads