ads 90x728

Ads-Google

कोरबा में दर्दनाक घटना: 16 वर्षीय किशोरी ने लगाई फांसी, विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम? पुलिस हर पहलू की कर रही जांच


कोरबा/बांकीमोंगरा।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिना बस्ती से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 16 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी ने अपने घर के अंदर पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से कुछ समय पहले किशोरी का गांव के ही एक युवक से विवाद हुआ था। फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर शाम मिली सूचना, सुबह उतारा गया शव

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि रोहिना बस्ती में एक किशोरी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात अधिक होने के कारण घटना स्थल को सुरक्षित रखते हुए कमरे को सील कर दिया गया। शुक्रवार सुबह सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) नंदलाल टंडन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को फंदे से नीचे उतारा गया।


माँ के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम

मृतिका की पहचान शारदा महंत (16 वर्ष) पिता स्वर्गीय कुमार दास के रूप में हुई है। मृतिका की माँ रोजी-मजदूरी के लिए छत्तीसगढ़ से बाहर रहती हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाए। माँ की भावनाओं का सम्मान करते हुए पुलिस ने शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शनिवार को माँ के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पिता का हो चुका था निधन

परिजनों के अनुसार शारदा के पिता कुमार दास का वर्ष 2021 में निधन हो गया था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने के लिए उसकी माँ बाहर मजदूरी करने चली गई थीं। शारदा अपने भाई के साथ रोहिना बस्ती में बुआ और नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी, जबकि उसकी बड़ी बहन अपने नाना-नानी के घर रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही है।

बुआ ने बताई घटना से पहले की पूरी कहानी

मृतिका की बुआ सरिता महंत ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले गांव का एक युवक घर पहुंचा और शारदा का नाम लेकर आवाज लगाने लगा। शारदा के बाहर आने पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने किशोरी को थप्पड़ भी मारे। बुआ ने बीच-बचाव कर युवक को वहां से भगा दिया।

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद शारदा काफी परेशान दिखाई दे रही थी और अपने कमरे में चली गई। रात में जब उसे भोजन के लिए बुलाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तुड़वाया, जहां शारदा का शव पंखे से लटका मिला।

मोबाइल जब्त, कई पहलुओं पर जांच

पुलिस ने घटनास्थल से मृतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स, मोबाइल डेटा और युवक के साथ हुए विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोरी ने विवाद और कथित मारपीट से आहत होकर आत्मघाती कदम उठाया या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। बांकीमोंगरा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads