गरियाबंद | CG ई खबर : छत्तीसगढ़ में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। आरोप है कि एक भाई और उसके दो बेटों ने मिलकर अपने ही भाई और भाभी की पीट-पीटकर हत्या कर दी तथा सबूत मिटाने के लिए शवों को श्मशान घाट में दफना दिया।
जानकारी के अनुसार, शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। 6 जून को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि लखीराम नेताम तथा उसके पुत्र नकुल नेताम और रघु नेताम ने राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आसो बाई पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपने अपराध को छिपाने के लिए दोनों शवों को गांव के श्मशान घाट में ले जाकर दफना दिया। घटना के बाद आरोपी सामान्य रूप से गांव में घूमते रहे ताकि किसी को उन पर शक न हो।
ताजा कब्र देखकर ग्रामीणों को हुआ शक
कुछ दिनों बाद ग्रामीणों की नजर श्मशान घाट में बनी ताजा कब्र पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कब्र की खुदाई कराई गई, जिसमें राजाराम नेताम और आसो बाई के शव बरामद हुए।
पूछताछ में खुला राज
पुलिस ने संदेह के आधार पर लखीराम नेताम, नकुल नेताम और रघु नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

