बलौदाबाजार/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर बलौदाबाजार जिले में महिला हत्या कांड का खुलासा हुआ है, वहीं दूसरी ओर बिलासपुर में पीएससी की तैयारी कर रही छात्रा की आत्महत्या मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है।
भाभी की हत्या का आरोपी निकला देवर
बलौदाबाजार जिले में महिला पुष्पा ध्रुव की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका का देवर देवेंद्र ध्रुव ही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के अनुसार आरोपी और उसकी भाभी के बीच प्रेम संबंध थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपी ने पुष्पा ध्रुव को छत से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। इसके बाद आरोपी ने ईंट-पत्थर से उसके चेहरे पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस आरोपी को घटना स्थल पर लेकर गई और घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पीएससी छात्रा आत्महत्या मामले में प्रेमी गिरफ्तार
वहीं बिलासपुर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा आयूषी कुर्रे उर्फ खुशी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी दीपक कुमार खाण्डे को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और दूसरी युवती से बातचीत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला सोनसरी निवासी आयूषी बिलासपुर के जरहाभाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 20 मार्च 2026 को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन शाम को उसका प्रेमी दीपक खाण्डे उसके कमरे से निकला था। इसके बाद आयूषी लगातार उसे फोन करती रही, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि दीपक किसी अन्य युवती से बातचीत कर रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी कारण छात्रा मानसिक रूप से आहत थी।
मामले की जांच पूरी होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खाण्डे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ में सामने आए इन दोनों मामलों ने रिश्तों में बढ़ते विवाद और उनके दुखद परिणामों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

