ads 90x728


Ads-Google

कुसमुंडा में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का बिगुल, शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई


कोरबा/कुसमुंडा | CG ई खबर :

कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 65 स्थित भैरोताल बस्ती में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशे के कारोबार के खिलाफ महिलाओं ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया। सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस को शिकायत देकर क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की, जिसके बाद कुसमुंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई घरों में दबिश दी।

पुलिस ने मौके पर निरीक्षण के आधार पर दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडेय ने एसआई राकेश गुप्ता के साथ स्वयं भैरोताल बस्ती पहुंचकर सामुदायिक भवन में महिलाओं की बैठक ली और उनकी समस्याएं सुनीं।


बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने महिलाओं से अपील की कि वे बिना किसी भय के क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करेगी तथा क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग और गश्त भी बढ़ाई जाएगी।

महिलाओं को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री समाज के लिए गंभीर सामाजिक बुराई है। कच्ची शराब का निर्माण और सेवन दोनों ही मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हैं। शराब न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है, बल्कि उसके सामाजिक और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करती है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग अवैध गतिविधियों से बाज नहीं आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि भैरोताल बस्ती में लंबे समय से अवैध शराब बनाने और बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जनजागरूकता बैठक को क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

बैठक में क्षेत्र के पार्षद प्रेम कुमार साहू, पूर्व पार्षद सूरती कुलदीप, मितानिन कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में जागरूक, वरिष्ठ एवं बुजुर्ग महिलाएं उपस्थित रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads