ads 90x728


Ads-Google

जमीन-जायदाद के विवाद में दिव्यांग बेटे ने मां की कर दी हत्या, पिता भी गंभीर रूप से घायल


ग्राम चीतापाली में मातृहत्याकांड से सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा/उरगा | CG ई खबर

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया। बंटवारा नहीं करने से नाराज एक दिव्यांग बेटे ने कथित रूप से अपनी ही मां की लाठी से हमला कर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चीतापाली निवासी श्यामलाल यादव के दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कोरबा में अलग रहता है, जबकि छोटा पुत्र रामकुमार यादव, जो दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है, माता-पिता के साथ घर में रहता था।

बताया जा रहा है कि रामकुमार लंबे समय से पैतृक जमीन-जायदाद के बंटवारे की मांग कर रहा था। शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसने एक बार फिर बंटवारे की बात उठाई, लेकिन माता जानकुंवर यादव और पिता श्यामलाल यादव ने फिलहाल बंटवारा करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि गुस्से में रामकुमार ने अपने सहारे के लिए इस्तेमाल होने वाली लाठी से मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से जानकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने पिता श्यामलाल पर भी लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनका पैर टूट गया तथा हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में घर से फरार हो गया। पूरी रात मृतका का शव घर में ही पड़ा रहा। शनिवार सुबह घटना की सूचना उरगा थाना प्रभारी एसआई नवीन पटेल को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकुमार यादव को ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका था। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे ग्राम चीतापाली में शोक की लहर है और ग्रामीण इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads