जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र राहौद अंतर्गत बुंदेला डेरा में चिकन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लोहे की टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी पर भी आरोपी ने हमला कर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण किया और आरोपी बजरंग गोंड को हिरासत में लिया।
चिकन के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद
प्रार्थी बुधराम (40 वर्ष) ने थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे घर में चिकन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान उसके छोटे भाई बजरंग गोंड ने कथित तौर पर लोहे की टांगी से उस पर हमला कर दिया। हमले में बुधराम घायल हो गया।
बताया गया कि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गई। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए राहौद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बजरंग गोंड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी हो गई।


