CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google

बिरदा बसाहट को ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से किया खारिज, सर्वमंगला नगर में पुनर्वास की मांग पर अड़े भिलाई बाजारवासी


सरपंच की अगुवाई में ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, SECL प्रबंधन और जिला प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी; बोले– सर्वमंगला नगर के अलावा कोई दूसरा स्थान स्वीकार नहीं

भिलाई बाजार (कोरबा)। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास को लेकर एक बार फिर ग्रामीणों ने अपनी आवाज बुलंद की है। शनिवार, 14 नवंबर 2026 को सरपंच की अगुवाई में ग्राम पंचायत के समस्त ग्रामीण भिलाई बाजार के समीप एकजुट हुए और सामूहिक रूप से बिरदा बसाहट स्थल को अस्वीकार करते हुए सर्वमंगला नगर में पुनर्वास की मांग दोहराई। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भिलाई बाजार के प्रभावित परिवारों के लिए केवल सर्वमंगला नगर ही स्वीकार्य पुनर्वास स्थल है। किसी अन्य स्थान पर बसाहट उन्हें मंजूर नहीं होगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) प्रबंधन से मांग की है कि सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल के रूप में तत्काल स्वीकृति प्रदान कर वहां बसाहट की प्रक्रिया शुरू की जाए। उनका कहना है कि इस मांग को प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की अनुशंसा भी प्राप्त है। इसके अलावा ग्राम पंचायत भिलाई बाजार की ग्रामसभा में भी सर्वमंगला नगर में पुनर्वास को लेकर प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।

बिरदा में बसाहट के दबाव का ग्रामीणों ने किया विरोध

ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी स्पष्ट असहमति और सर्वमंगला नगर की मांग के बावजूद जिला प्रशासन एवं SECL प्रबंधन द्वारा उन्हें बिरदा में बसाहट स्वीकार करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को आयोजित DRRC की बैठक में भी बिरदा बसाहट के प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से अस्वीकार किया जा चुका है। इसके बावजूद उनकी मांग पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बिरदा बसाहट स्थल पर पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता

ग्रामीणों ने बिरदा बसाहट स्थल की भौगोलिक स्थिति और आवासीय उपयुक्तता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि SECL द्वारा लगभग 500 फीट तक खुदाई कर पानी की उपलब्धता की जांच की गई, लेकिन वहां पानी के स्थान पर केवल पत्थर मिलने की जानकारी सामने आई है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों ने भविष्य में पेयजल की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर चिंता जताई है। उनका मानना है कि पर्याप्त जल संसाधन और बुनियादी सुविधाओं के बिना किसी भी स्थान पर स्थायी बसाहट करना प्रभावित परिवारों के भविष्य के लिए उचित नहीं होगा।

समय सीमा में निर्णय नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

सामूहिक रूप से एकजुट हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं SECL प्रबंधन को चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल के रूप में स्वीकृति प्रदान कर बसाहट की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। यदि उनकी मांग पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो ग्राम भिलाई बाजार के समस्त प्रभावित परिवार SECL प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए एकजुट ग्रामीण

ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि यह लड़ाई केवल बसाहट स्थल के चयन की नहीं, बल्कि उनके अधिकारों, परिवारों के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। वे अपनी सर्वसम्मत मांग से पीछे हटने वाले नहीं हैं। सर्वमंगला नगर के अतिरिक्त किसी भी अन्य स्थान पर पुनर्वास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं SECL प्रबंधन की होगी।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads