CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google

नाबालिग के गर्भपात मामले में महिला डॉक्टर गिरफ्तार, भ्रूण अरपा नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का आरोप


पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद कराया था गर्भपात, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच में सामने आई डॉक्टर की भूमिका; न्यायालय ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

बिलासपुर। नाबालिग बालिका से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और उसके गर्भवती होने के बाद गर्भपात कराने के गंभीर मामले में तोरवा पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में फेंककर नष्ट करने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

शादी का झांसा देकर नाबालिग से बनाए संबंध

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30 वर्ष) पर आरोप है कि उसने दिसंबर 2023 से नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान बालिका गर्भवती हो गई। आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी सामने आने के बाद गणेश सोनी ने अस्पताल में महिला डॉक्टर की मदद से बालिका का गर्भपात कराया।

जांच में सामने आई महिला डॉक्टर की भूमिका

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।

इस प्रकरण में मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। इसके बाद विवेचना के दौरान गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43 वर्ष) की भूमिका भी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में ऐसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनसे यह बात सामने आई कि महिला डॉक्टर को पीड़िता की नाबालिग उम्र की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। आरोप यह भी है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अरपा नदी में फेंककर नष्ट कर दिया गया। साथ ही नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई।

13 नवंबर को हुई गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई डॉक्टर

पुलिस ने जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 13 नवंबर 2026 को महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

इन धाराओं के तहत दर्ज है अपराध

तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 351(3), 89, 238 एवं 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads