(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)
CISF अधिकारियों ने बच्चों को नैतिक मूल्यों, ईमानदारी और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लक्ष्य के प्रति किया जागरूक
दर्री (कोरबा)। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई केएसटीपीपी कोरबा द्वारा श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, दर्री में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के साथ जीवन में ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सहायक कमांडेंट श्री जंग बहादुर सिंह, निरीक्षक ऊषारानी, निरीक्षक अशोक कुमार एवं उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता की शपथ दिलाई तथा भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों, जीवन में नैतिक मूल्यों के महत्व और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लक्ष्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और देश के विकास के लिए ईमानदारी, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन में अच्छी आदतें अपनाने, अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार रहने और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका और जिम्मेदारी के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
विद्यालय परिवार की रही उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया गया।



