मोबाइल फोन को लेकर घर में हुआ था विवाद, दोपहर करीब 3 बजे परिजनों को मिली घटना की जानकारी
CG ई खबर | जिला संवाददाता नारायण चंद्राकर
कोरबा/दर्री। कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत जेलगांव में 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव घर के शौचालय में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं, इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
मोबाइल फोन को लेकर हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्यापुरी निवासी शरीफ कुरैशी की पुत्री सानिया बानो कक्षा नौवीं की छात्रा थी। उसका परिवार जेलगांव में कार गैरेज के पीछे स्थित एक मकान में किराए से रहता है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में मोबाइल फोन को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था। मोबाइल को लेकर घर में आए दिन होने वाले झगड़ों से नाराज मां ने मोबाइल फोन छिपा दिया था और इस बात पर अपनी नाराजगी भी जताई थी।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर हुई तलाश
बताया जाता है कि घटना के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी बीच छात्रा घर के शौचालय में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। दोपहर करीब 3 बजे उसकी तलाश की गई, तब शौचालय के अंदर उसका शव मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
दर्री पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच की बताई जा रही है, जबकि परिजनों को इसकी जानकारी लगभग दोपहर 3 बजे हुई।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
एक परिवार की खुशियां इस घटना से मातम में बदल गई हैं। कम उम्र में हुई इस दुखद मौत से परिजन और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।


