आज तड़के हुई घटना से खलबली | दो अपचारी बालक बाथरूम की खिड़की से हुए फरार, तलाश जारी 🔍
कोरबा। (CG ई खबर) सोमवार तड़के बाल संप्रेक्षण गृह बालको से दो अपचारी बालकों के फरार हो जाने से हड़कंप मच गया। बाथरूम जाने का बहाना बनाकर दोनों किशोर रोशनदान की जाली तोड़कर भाग निकले। घटना सुबह 4 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बाल संप्रेक्षण गृह को हाल ही में रिसदी से स्थानांतरित कर कोरबा के बालको थाना के सामने स्थित भवन में शिफ्ट किया गया था। करीब 25 लाख रुपये खर्च कर व्यवस्थाएं सुधारी गई थीं, लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद सुरक्षा की पहली बड़ी चूक सामने आ गई है।
फरार हुए दोनों अपचारी बालकों में एक 16 वर्षीय किशोर 19 जून 2025 से चोरी/छिनतई के आरोप में और दूसरा 17 वर्षीय किशोर 16 जून 2025 से छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत निरुद्ध था। एक आरोपी जांजगीर-चांपा जिले से है, जो पूर्व में भी कई बार संप्रेक्षण गृह आ चुका है और पहले भी एक बार भाग चुका है।
घटना की जानकारी मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधिकारी ने तत्काल बालको थाना को सूचना दी। पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं और दोनों किशोरों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही जांजगीर-चांपा जिले की पुलिस और किशोर न्याय बोर्ड को भी सूचना भेजी गई है।
फिलहाल यह घटना बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, वहीं बार-बार भागने वाले अपचारी बालक की निगरानी में लापरवाही की बात भी सामने आ रही है।
👉 जुड़े रहिए, हम आपको अपडेट देते रहेंगे।