(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
कोरबा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध आपत्तिजनक, भ्रामक एवं तथ्यहीन पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। नगर निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने इस गंभीर विषय को लेकर पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि फेसबुक पर अनेक अज्ञात एवं फर्जी आईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चरित्र पर लांछन लगाने, समाज में विद्वेष फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से लगातार झूठे व अभद्र पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं। इन पोस्टों में बिना किसी तथ्य या प्रमाण के प्रधानमंत्री मोदी को कुख्यात अपराधी जैफ्री एप्सटीन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों से तथाकथित “एप्सटीन फाइल” के नाम पर दर्जनों पोस्ट वायरल किए जा रहे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री के फोटो को एडिट कर विदेशी महिलाओं के साथ जोड़ते हुए घृणित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
शिकायत के अनुसार,
- Arvind Av Galchar नामक फेसबुक आईडी से एडिट फोटो के साथ “एक चौकीदार मुझे बहुत नोचता था” जैसी आपत्तिजनक पोस्ट की गई।
- Shahir Khan Official नामक आईडी से प्रधानमंत्री को “एप्सटीन फाइल” से जोड़ते हुए अभद्र टिप्पणी की गई।
- राव साहब और मलिक साहब नामक आईडी से भी एडिटेड फोटो लगाकर आपत्तिजनक व झूठे आरोप लगाए गए।
- समाजवादी विचारधारा नामक फेसबुक आईडी से बिना किसी आधार के किसी महिला के शोषण और गायब करने जैसे अत्यंत गंभीर आरोप लगाए गए।
- Rudra Bhartsatya नामक आईडी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर अनर्गल टिप्पणी की गई।
सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने अपनी शिकायत में कहा है कि नरेन्द्र मोदी देश के लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित एवं सम्मानित प्रधानमंत्री हैं। बिना साक्ष्य के उनके चरित्र पर ऐसे गंभीर आरोप लगाने से आम नागरिकों में प्रधानमंत्री के प्रति असम्मान, आक्रोश और घृणा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक अपने प्लेटफॉर्म पर भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं पर रोक लगाने के बजाय ऐसे झूठे और घृणित पोस्ट को लाखों लोगों तक प्रसारित होने दे रहा है, जिससे कोरबा सहित पूरे राज्य में सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक माहौल खराब करने की साजिश की जा रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रधानमंत्री के फोटो को एडिट कर झूठे समाचारों में इस्तेमाल करना तथा अभद्र और घृणास्पद पोस्ट के जरिए उनकी छवि धूमिल करना भारतीय न्याय संहिता के तहत गंभीर आपराधिक कृत्य है। इस पूरे मामले में फेसबुक इंडिया के सीईओ अजित मोहन को प्राथमिक रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
इस अवसर पर सभापति नूतनसिंह ठाकुर के साथ अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण पटेल, अशोक पाल, महेश्वर सिंह, हरिश्चंद्र भारती, दीपक साहू एवं उत्तम आदिले भी मौजूद रहे और पुलिस अधीक्षक से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।











