कोरबा–कटघोरा–छुरीकला : वायरल वीडियो में अध्यक्ष पति की कथित दबंगई, उप अभियंता के साथ मारपीट व जबरन ले जाने का आरोप

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

छत्तीसगढ़ / कोरबा : जिले के कटघोरा–छुरीकला क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नगर पंचायत छुरीकला के अध्यक्ष पति पर खुलेआम दबंगई दिखाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है कि आज दोपहर गोड़मा नाला के पास स्थित एक व्यावसायिक परिसर (वाहन शोरूम) के सामने नगर पंचायत छुरीकला में पदस्थ उप अभियंता चंद्रप्रकाश जायसवाल की कार को ओवरटेक कर जबरन रोका गया। आरोप है कि इसके बाद अध्यक्ष पति प्रीतम देवांगन एवं उनके साथ मौजूद लोगों ने उप अभियंता को कार से उतारकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपितों ने उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बिठाकर ले जाने की धमकी दी और फिर कथित तौर पर अपनी गाड़ी में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान की ओर ले गए

चेक भुगतान से जुड़ा बताया जा रहा विवाद

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला आमरण अनशन पर बैठे ठेकेदार अनिल अग्रवाल के रुके हुए भुगतान के चेक से जुड़ा है। इसी भुगतान के लिए तैयार किए गए अंतिम भुगतान प्रतिवेदन को लेकर नाराजगी सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, उप अभियंता चंद्रप्रकाश जायसवाल आज नगर पंचायत कार्यालय छुट्टी का आवेदन देने पहुंचे थे। आवेदन देने के बाद वे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अध्यक्ष पति प्रीतम देवांगन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वे बिना रुके आगे बढ़ गए, तो कार का पीछा कर ओवरटेक करते हुए घटना को अंजाम दिया गया

अब सवालों के घेरे में प्रशासन

इस घटना ने नगर पंचायत छुरीकला की कार्यशैली पर पहले से उठ रहे सवालों को और गहरा कर दिया है। पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय यह बना हुआ है कि

  • क्या इस मामले में एफआईआर दर्ज होगी?
  • या फिर दबंगई और राजनीतिक दबाव के चलते मामला रफा-दफा कर दिया जाएगा?

फिलहाल, मामला भुगतान को लेकर उपजे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो के बाद अब पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

(समाचार लिखे जाने तक पुलिस में शिकायत दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।)


3/related/default