खबर का असर : CG ई खबर की मुहिम लाई रंग, निगम की खुली नींद, अवैध निर्माण पर कार्रवाई

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

कोरबा। शासकीय जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे और रातोंरात पक्के निर्माण को लेकर CG ई खबर द्वारा चलाए गए अभियान का असर अब साफ नजर आने लगा है। खबर प्रकाशित होते ही नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया और लंबे समय से नजरअंदाज किए जा रहे मामले पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक–28 स्थित हेलीपैड नर्सरी में शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को लेकर निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद संबंधित अज्ञात कब्जाधारी के खिलाफ नोटिस जारी कर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई गई।

CG ई खबर की मुहिम से टूटी चुप्पी

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ी थी। CG ई खबर द्वारा मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद निगम प्रशासन की चुप्पी टूटी और नींद से जागते हुए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

ग्रीन जोन बचाने की लड़ाई

हेलीपैड नर्सरी शहर के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण ग्रीन जोन और ऑक्सीजन क्षेत्र है। यहां अवैध कब्जे से न केवल सरकारी जमीन का नुकसान हो रहा था, बल्कि पर्यावरण को भी खतरा पैदा हो रहा था। CG ई खबर की मुहिम का उद्देश्य इसी ग्रीन जोन को बचाना रहा।

स्थानीय लोगों ने सराहा प्रयास

निगम की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने CG ई खबर की सराहना करते हुए कहा कि यदि मीडिया समय पर आवाज न उठाए, तो ऐसे कब्जाधारी बेखौफ होकर शासकीय जमीन पर कब्जा जमा लेते हैं। लोगों ने उम्मीद जताई है कि निगम आगे भी स्थायी कार्रवाई कर अवैध कब्जे को पूरी तरह हटाएगा।

3/related/default