ads 90x728


Ads-Google

बिलासपुर में सामूहिक मारपीट मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चाकू-डंडे से हमला कर कई लोगों को किया था घायल


बिलासपुर।
सरकंडा थाना क्षेत्र के प्रभात चौक चिंगराजपारा में हुई सामूहिक मारपीट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल अमन अहिरवार उर्फ नाचू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, प्रभात चौक चिंगराजपारा निवासी सनत सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 12 बजे वह भोजन के बाद मोहल्ले में टहल रहा था। इसी दौरान नाली में पेशाब करने की बात को लेकर विक्की अहिरवार एवं उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, डंडों और चाकू से हमला कर दिया।

हमले में सनत सारथी के सिर, दाहिने हाथ और बाएं पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचीं रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे सभी घायल हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें करीब 15 युवक मुंह ढंककर मारपीट करते दिखाई दिए। जांच के दौरान पहले ही 10 आरोपियों तथा 7 विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

फरार आरोपी अमन अहिरवार उर्फ नाचू (24 वर्ष), निवासी श्यामनगर मोची मोहल्ला, लिंगियाडीह की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके घर पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सरकंडा थाना में इस मामले में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads