CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

बिलासपुर: कोर्ट में पैरवी के दौरान एडवोकेट का मोबाइल हुआ हैक, साइबर ठगों ने 1.42 लाख रुपए उड़ाए


बिलासपुर।
बिलासपुर में साइबर अपराधियों ने एक एडवोकेट को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 42 हजार 500 रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। घटना उस समय हुई जब अधिवक्ता कोर्ट में पैरवी कर रहे थे और उनका मोबाइल ऑटोमैटिक अपडेट हो रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तारबाहर थाना क्षेत्र के विद्यानगर निवासी खेलन सोनवानी, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, 27 मई की दोपहर करीब 2 बजे कोर्ट में मौजूद थे। इसी दौरान उनका मोबाइल स्वतः अपडेट होने लगा। आरोप है कि अपडेट के दौरान मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने उनके खाते तक पहुंच बना ली।

ठगों ने अमेजन-पे और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से 37,500-37,500 रुपए की दो ट्रांजैक्शन कर कुल 75 हजार रुपए निकाल लिए। इसके अलावा उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर 67,500 रुपए और खर्च कर दिए। इस तरह कुल 1.42 लाख रुपए से अधिक की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया।

गिफ्ट कार्ड और ई-वॉलेट के जरिए छिपाया ट्रांजैक्शन

जांच में सामने आया है कि साइबर ठगों ने सीधे बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के बजाय पहले ऑनलाइन गिफ्ट कार्ड खरीदे। बाद में उन गिफ्ट कार्डों को एक नामी गेमिंग प्लेटफॉर्म के ई-वॉलेट में ट्रांसफर कर रकम को कैश कराया, ताकि ट्रांजैक्शन का पता लगाना मुश्किल हो सके।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में एक संदिग्ध ईमेल आईडी का भी उल्लेख किया है। उन्होंने तारबाहर थाना और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर ठगी की जांच शुरू कर दी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads