CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

दीपका रेलवे क्रॉसिंग पर हाईवा चालक की लापरवाही, सजग नागरिक से की बदसलूकी; बड़ा हादसा टला


दीपका/कोरबा।
दीपका के गौरव पथ मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आरोप है कि ACB कंपनी से संबद्ध आईचर हाईवा (क्रमांक CG 12 BF 3647) के चालक ने निर्धारित कच्चे मार्ग की बजाय प्रतिबंधित पक्के रास्ते पर वाहन घुसा दिया। जब मौके पर मौजूद एक सजग नागरिक ने चालक को नियमों की जानकारी देते हुए सही मार्ग से जाने की सलाह दी, तो चालक ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उससे अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। बाद में अन्य राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

ओवरब्रिज निर्माण के दौरान अस्थायी मार्ग तय

जानकारी के अनुसार, गौरव पथ पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन ने भारी वाहनों, ट्रेलर और हाईवा के लिए रेलवे फाटक के पास से कच्चे रास्ते का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी कर मुख्य पक्के मार्ग पर वाहन ले जा रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी भारी वाहनों की लापरवाही के चलते रेलवे क्रॉसिंग के पास लगाए गए लोहे के सुरक्षा बैरियर कई बार क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी के कारण इस क्षेत्र में आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कंपनियों और वाहन मालिकों से उठी सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने ACB कंपनी सहित सभी ट्रांसपोर्ट कंपनियों और वाहन मालिकों से मांग की है कि वे अपने चालकों को नियमित रूप से सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों का प्रशिक्षण दें, आम लोगों से दुर्व्यवहार करने वाले चालकों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करें तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि रोकने के लिए जिम्मेदारी तय करें।

जनता ने दी आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरव पथ मार्ग पर भारी वाहनों की लापरवाही लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। यदि कंपनियों और संबंधित प्रबंधन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो क्षेत्र की जनता सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads