कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल का जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक क्रमांक CG 10 CB 2635 पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयले से लदे ट्रेलर (CG 12 BG 2932) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में बाइक सवार एक युवक और एक युवती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक और युवती बिलासपुर जिले के पेंड्रा क्षेत्र के निवासी थे और कोरबा में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है।
बालको पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



