(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)
दर्री/कोरबा। दर्री क्षेत्र में रविवार, 23 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे एक भारी-भरकम शीशम का पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क से गुजर रहे लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन पेड़ के सड़क पर गिर जाने से दर्री मार्केट क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दर्री के कंवर बेल्ट से क्रॉस होने वाले मार्ग से कुछ दूरी आगे मनोज चॉइस सेंटर के पास हुई। अचानक भारी पेड़ सड़क पर गिरने से दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही रुक गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
पेड़ गिरने के कारण ट्रेलर, डंपर, बाइक, कार सहित अन्य छोटे-बड़े वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दर्री मार्केट में आने-जाने वाले आम नागरिक भी जाम में फंस गए। सड़क के दोनों ओर वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को काफी देर तक परेशानी उठानी पड़ी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पेड़ को सड़क से हटाने के लिए नगर निगम की टीम को कार्रवाई करनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह पेड़ गिरने की घटना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यदि पेड़ गिरने के समय सड़क से कोई वाहन या पैदल व्यक्ति गुजर रहा होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। लोगों ने सड़क किनारे खड़े पुराने एवं कमजोर पेड़ों का समय-समय पर निरीक्षण कराने और संभावित खतरे वाले पेड़ों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है।


