CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा के सर्राफा कारोबारी पर चोरी का सोना खरीदने का आरोप, रतनपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार; 67 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

बिलासपुर/कोरबा। बिलासपुर जिले की रतनपुर पुलिस ने बस में महिलाओं से सोने की चेन झपटमारी के मामले में कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले के एक सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी और झपटमारी से प्राप्त सोने के जेवरात खरीदता था और बाद में उन्हें गलाकर सोना तैयार करता था। आरोपी के कब्जे से करीब 67 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया गया है।

मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर से बस के जरिए कोरबा लौट रहे थे। गीता प्रधान ने गले में सोने की चेन पहनी हुई थी। महामाया चौक बिलासपुर से कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। भीड़ के दौरान महिलाओं ने धक्का-मुक्की करते हुए गीता प्रधान को घेर लिया।

शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं के उतरने के बाद जब बस खाली हुई और दंपती को सीट मिली, तब गीता प्रधान ने अपने गले को देखा तो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।


CCTV फुटेज से खुला झपटमारी गिरोह का राज

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद रतनपुर पुलिस ने घटनास्थल और बस से जुड़े CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम कोनकोना निवासी के रूप में हुई।

पुलिस ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों सहित कुल 9 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने झपटमारी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी का सोना गौतम दुबे नामक सर्राफा कारोबारी को बेचा जाता था।


करीब 7 तोला सोना खरीदकर गलाने का आरोप

पुलिस ने इसके बाद गौतम पिता राजेन्द्र कुमार दुबे (35 वर्ष), निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी की गई सोने की चेन और मंगलसूत्र सहित करीब 7 तोला सोना खरीदकर उसे गलाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त किया है। आरोपी को कटघोरा से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पहले गिरफ्तार किए गए 9 आरोपी

रतनपुर पुलिस के अनुसार, झपटमारी के मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों में अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीति गिरी, शिवानी गिरी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी, सभी निवासी ग्राम कोनकोना, थाना बांगो, जिला कोरबा शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के बाद चोरी की रकम/जेवरात को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को देने की बात भी बताई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस की कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय एवं प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह का विशेष योगदान बताया गया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads