CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

एसईसीएल गेवरा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पार्षद हिमांशु देवांगन की हुंकार, संयुक्त बैठक और समयबद्ध समाधान की मांग


दीपका/गेवरा।
एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में कर्मचारियों, उनके परिवारों और कॉलोनीवासियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद हिमांशु देवांगन ने एसईसीएल प्रबंधन के समक्ष विभिन्न मांगें रखते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए केवल आश्वासन नहीं, बल्कि विभागवार जिम्मेदारी और स्पष्ट समय-सीमा तय कर धरातल पर कार्रवाई जरूरी है।

पार्षद हिमांशु देवांगन ने मांग की है कि एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, सिविल, विद्युत, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास, सुरक्षा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थानीय पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित की जाए। बैठक में क्षेत्र की समस्याओं पर सीधे चर्चा कर उनके समाधान की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।


सड़क, नाली और सिविल कार्यों में सुधार की मांग

पार्षद ने गेवरा क्षेत्र की कॉलोनियों में क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की मरम्मत के साथ आवश्यक नए सिविल कार्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलोनीवासियों को आवागमन और जल निकासी से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इन कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पेयजल और बिजली व्यवस्था पर जोर

उन्होंने कर्मचारियों एवं कॉलोनीवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की। इसके अलावा खराब स्ट्रीट लाइट, विद्युत पोल, तार और अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं को भी शीघ्र दूर करने की बात कही।

स्वच्छता और आवासीय क्वार्टरों की मरम्मत जरूरी

कॉलोनियों में नियमित सफाई, कचरा उठाव और नालियों की सफाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। साथ ही जर्जर एवं क्षतिग्रस्त आवासीय क्वार्टरों की मरम्मत और आवश्यक रखरखाव कार्य प्राथमिकता से कराने की मांग उठाई गई।

स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं पर भी ध्यान देने की मांग

पार्षद ने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं में सुधार के साथ विद्यालयों, खेल मैदानों, सामुदायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के उचित रखरखाव एवं विकास की मांग की है।

समाधान शिविर में दिए आश्वासन पर उठाया सवाल

पार्षद हिमांशु देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर के दौरान एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों के साथ संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया था। लेकिन उनके अनुसार, अब तक यह बैठक आयोजित नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि अब आश्वासन से आगे बढ़कर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। संयुक्त बैठक में प्रत्येक समस्या पर विभागवार चर्चा हो तथा उसके निराकरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाए।

“जनता की समस्या को मजबूती से उठाना हमारी जिम्मेदारी”

पार्षद हिमांशु देवांगन ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की समस्याएं केवल व्यक्तिगत समस्याएं नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ी हुई हैं। जनप्रतिनिधियों और एसईसीएल प्रबंधन के बीच सकारात्मक संवाद के माध्यम से इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।

उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से शीघ्र संयुक्त बैठक आयोजित कर सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads