दीपका/कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 01 (शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड) में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने का मामला सामने आया है। वार्ड के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इसे गंभीर जनसमस्या बताते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, कोरबा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत करने की मांग की है।
पार्षद के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01 क्षेत्रफल की दृष्टि से नगर पालिका दीपका का सबसे बड़ा वार्ड है और यहां बड़ी आबादी निवास करती है। इसके बावजूद वार्ड में आज तक एक भी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं है। वहीं, क्षेत्र में दो शासकीय प्राथमिक विद्यालय संचालित होने के बावजूद छोटे बच्चों के लिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, पोषण आहार और प्रारंभिक स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
0 से 6 वर्ष के बच्चों और माताओं को नहीं मिल पा रहा लाभ
पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण आहार, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। वार्ड में केंद्र नहीं होने के कारण इन योजनाओं का अपेक्षित लाभ स्थानीय लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
पहले भी की जा चुकी है मांग
पार्षद का कहना है कि वार्ड में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने को लेकर नगर प्रशासन से पूर्व में भी लिखित आवेदन और मौखिक चर्चा के माध्यम से मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने अब कलेक्टर को पत्र क्रमांक 115 के माध्यम से हस्तक्षेप की मांग की है।
‘बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’
पार्षद कमलेश जायसवाल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस वार्ड में दो-दो प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं, वहां मासूम बच्चों को आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और माताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वार्ड में जल्द से जल्द आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत किया जाना चाहिए।
पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत कर संचालित नहीं किया गया तो जनता के हित में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। अब देखना होगा कि कलेक्टर स्तर से इस मांग पर क्या कार्रवाई की जाती है और वार्ड क्रमांक 01 के बच्चों को आंगनबाड़ी की सुविधा कब तक मिल पाती है।


