कटघोरा में पद्म श्री जागेश्वर यादव का दौरा, महिला स्वसहायता समूह के कार्यों की सराहना

CG.ई ख़बर

कटघोरा /CG ई खबर image

कटघोरा।(CG ई खबर) 
छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता पद्म श्री जागेश्वर यादव आज कटघोरा पहुंचे। उन्होंने श्रिया महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित गढ़ कलेवा में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखा और समूह की महिलाओं से मुलाकात की।

महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह पर देख गदगद

जागेश्वर यादव ने महिला समूह द्वारा किए जा रहे कार्य की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “आप लोग बहुत अच्छा संचालन कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ी महतारी का मान बढ़ा रहे हैं। आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं और ऐसे कार्यों से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनती हैं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाती हैं।”

मूलभूत सुविधाओं की कमी पर जताई चिंता

जागेश्वर यादव ने गढ़ कलेवा में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि "महिला समूह लंबे समय से टेंट में कार्य कर रहा है, जो स्थायी समाधान नहीं है। शासन को इस आजीविका कार्य में आगे आकर सहयोग देना चाहिए।" उन्होंने इस मुद्दे को लेकर समूह के साथ मुख्यमंत्री से मिलने की बात भी कही।

जनजातीय कल्याण में अद्वितीय योगदान

गौरतलब है कि जशपुर निवासी जागेश्वर यादव ने बिरहोर और पहाड़ी कोरवा जैसी हाशिए पर पड़ी जनजातियों के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आश्रम की स्थापना की और वर्षों से जनजातीय समुदायों के जीवन में बदलाव ला रहे हैं।

उनकी इस यात्रा से कटघोरा में स्थानीय महिलाओं को न केवल प्रेरणा मिली, बल्कि शासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखने का एक नया मंच भी प्राप्त हुआ है।

3/related/default