(CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली रोहित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम हरदी बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 बोरी अवैध धान जब्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदी बाजार निवासी सनत कुमार राठौर द्वारा अपने गोदाम में बड़ी मात्रा में धान का अवैध रूप से भंडारण किया गया था। सूचना की पुष्टि के बाद तहसीलदार हरदी बाजार अभिजीत राजभानु एवं थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान गोदाम में 200 नाग कट्टी (बोरी) पुराना डलवा धान पाया गया। पूछताछ के दौरान गोदाम संचालक धान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज, लाइसेंस या मंडी पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर पंचनामा तैयार कर सम्पूर्ण धान जब्त कर लिया गया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सीजन के दौरान निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि बिचौलियों एवं अवैध कारोबारियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


